जालंधर | वार्ड नंबर 28 के पार्षद शैरी चड्ढा और उनके पति के पक्का बाग स्थित आवास पर देर रात तीन युवकों ने तेजधार हथियारों और ईंटों से हमला कर दहशत फैला दी। इस हमले में पार्षद चड्ढा घायल हो गए। आसपास के लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंची और रात 1 बजे से जांच शुरू कर दी गई है।
मोहल्ले में कर रहे थे हंगामा
पार्षद शैरी चड्ढा ने बताया कि रस्ता मोहल्ला के तीन युवक उनके पड़ोसियों के घर के बाहर शोरगुल कर रहे थे। उन्होंने जब युवकों को समझाने की कोशिश की तो वे उनसे बहस करने लगे और देखते ही देखते आक्रामक हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पार्षद घर के अंदर चले गए, लेकिन आरोपी युवकों ने उनके घर के गेट पर तेजधार हथियारों और ईंटों से हमला कर दिया।
मोहल्लेवासियों ने की पकड़ने की कोशिश
हंगामा सुनकर इलाके के लोग घरों से बाहर निकल आए और हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तीनों युवक मौके से फरार हो गए। पार्षद चड्ढा ने बताया कि हमलावरों में से एक आरोपी पर चिट्टे (नशीले पदार्थ) से जुड़े तीन आपराधिक केस दर्ज हैं।
पुलिस जांच में जुटी
थाना नंबर 4 की पुलिस ने मौके का मुआयना कर केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास CCTV फुटेज खंगालने की संभावना जताई जा रही है।