धर्मशाला | आज पूरे देश और दुनिया के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धर्मशाला स्थित इनडोर खेल परिसर में राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां खेल एवं आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
अधिकारियों, छात्रों और आमजन के साथ किया योग
कार्यक्रम में मंत्री गोमा ने बड़ी संख्या में मौजूद अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी और तनावग्रस्त जिंदगी में योग सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है।
“डिजिटल युग में फिटनेस के लिए योग सबसे कारगर उपाय”
मीडिया से बातचीत करते हुए यादवेंद्र गोमा ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी और कहा, “डिजिटल युग में लोग खुद के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं, जिससे वे न केवल मानसिक तनाव से ग्रस्त हैं, बल्कि कई बीमारियों से भी जूझ रहे हैं। ऐसे समय में योग ही उन्हें स्वास्थ्य और संतुलन प्रदान कर सकता है।”
प्रदेश में 70 वेलनेस सेंटर चिन्हित
मंत्री गोमा ने बताया कि राज्यभर में 70 स्थानों पर आयुष विभाग के वेलनेस सेंटर तैयार किए जा रहे हैं, जहां योग को नियमित रूप से बढ़ावा देने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने आयुष और खेल मंत्रालय के तहत सभी विभागों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री के सुझाव पर धर्मशाला में हुआ आयोजन
उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सुझाव पर इस वर्ष प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में राज्य स्तरीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस आयोजन में आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूलों के छात्र और सभी स्तरों के अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।