Summer express,कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के बुढ़ाखेड़ा गांव में अंधविश्वास और धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला तांत्रिक ने एक परिवार को सर्वनाश का डर दिखाकर करीब 1.07 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि महिला ने न केवल परिवार से भारी रकम ऐंठी बल्कि सोने-चांदी के जेवर भी हड़प लिए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को डर के माहौल में रखकर बलि के नाम पर उनके सदस्यों से इंजेक्शन द्वारा खून निकलवाकर मंदिर में चढ़ाने के लिए मजबूर भी किया गया।
पीड़ित अमनदीप ने बताया कि उनके पिता सुखबीर सिंह लंबे समय से बीमार थे, जिसका फायदा उठाकर गांव की ही सुमन नामक महिला ने उन्हें अपने झांसे में ले लिया। महिला ने दावा किया कि परिवार पर किसी प्रकार का जादू-टोना किया गया है और इससे बचने के लिए काली माता और बाबा भैरों नाथ का मंदिर बनवाना जरूरी है। इसी डर के चलते परिवार ने अपनी जमीन बेच दी और बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट भी तुड़वा दी।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी महिला को करीब 76 लाख रुपये नकद और 7 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि लगभग 32 तोले चांदी और 6 तोले सोने के जेवर भी हड़प लिए गए। आरोप यह भी है कि महिला परिवार को चामुंडा देवी धाम ले जाकर इंजेक्शन से खून निकलवाती थी और उसे मंदिर में चढ़ाने का नाटक करती थी।
ग्रामीणों का कहना है कि महिला का पति बलराज, बेटा वंश और एक अन्य साथी भी इस पूरे गिरोह में शामिल हैं और अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। बताया जा रहा है कि इस गिरोह ने करीब 100 लोगों से 4 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।