चंडीगढ़ | हरियाणा रोडवेज के यात्री जल्द ही बसों में टिकट खरीदने के लिए डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। परिवहन विभाग ने इसके लिए नई व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है। यूपीआई समेत अन्य डिजिटल माध्यमों से टिकट भुगतान की सुविधा के लिए क्यूआर कोड विकसित किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अगले दो हफ्तों में यह क्यूआर कोड तैयार कर लिया जाएगा, जबकि 15 अक्तूबर तक साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी होंगी। इसके बाद यात्रियों को नकद रखने की जरूरत नहीं होगी और बसों में सीधे मोबाइल से डिजिटल पेमेंट कर टिकट लिया जा सकेगा।
परिवहन मंत्री अनिल विज के निर्देश पर शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट के तहत, जैसे ही यात्री भुगतान करेगा, ई-टिकट मशीन से एक नया टिकट जेनरेट होगा। इस टिकट पर हर बार एक यूनिक क्यूआर कोड प्रिंट होगा।
इस व्यवस्था का बड़ा फायदा यह होगा कि कोई भी यात्री एक ही टिकट का दोबारा इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। क्यूआर कोड स्कैन करने पर बस नंबर, यात्रा की दूरी और टिकट का पूरा विवरण तुरंत सामने आ जाएगा। इससे फर्जीवाड़ा पूरी तरह रुक जाएगा और पारदर्शिता बढ़ेगी।