हरियाणा में गर्मी का असर तेज, 19 शहरों में तापमान 35°C पार

Karuna
2 Min Read
Summer Express - देश में गर्मी का कहर: 8 राज्यों में लू का अलर्ट, दिल्ली में पारा 41°C तक पहुंचने की संभावना

Summer Express,हिसार  | हरियाणा में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के 19 शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के 13 अप्रैल के बुलेटिन के अनुसार सबसे अधिक तापमान भिवानी में 37.4°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

हिसार, रोहतक, जींद, सिरसा, नूंह, पलवल और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में दिन के समय तेज धूप और बढ़ती गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में इसमें और इजाफा होने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। हालांकि फिलहाल हीटवेव की स्थिति नहीं है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। अगले दो दिनों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

बढ़ते तापमान को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों को फसलों की नियमित सिंचाई करने और कीट व रोगों की निगरानी करने को कहा गया है। गेहूं में पीला रतुआ, सरसों व तिलहन फसलों में माहू (एफिड) पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा फलों के बागों में हल्की सिंचाई और उचित पोषण प्रबंधन बनाए रखने की भी सलाह दी गई है। साथ ही तेज हवाओं को देखते हुए कटी हुई फसल को सुरक्षित रखने, नई बुवाई और स्प्रे कार्य फिलहाल टालने तथा पशुओं को धूप से बचाकर छांव और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *