यमुनानगर| जिले में गन कल्चर का बढ़ता प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। मामूली बात पर विवाद और गोलीबारी की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। ताजा मामला गांव कैत मंडी का है, जहां बुधवार रात एक युवक ने खुलेआम घर पर फायरिंग कर दहशत फैला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक संदिग्ध युवक गांव की गलियों में बार-बार अपनी बाइक से चक्कर लगा रहा था। जब एक बुजुर्ग ने उसे रोककर पूछताछ की तो आरोपी ने उन्हें धक्का देकर कहा, “अभी बताता हूं”, और आगे बढ़ गया।
कुछ देर बाद युवक पास की एक दीवार पर चढ़ गया और वहां से सामने स्थित एक घर पर चार राउंड गोलियां चला दीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। हालांकि किसी सतर्क ग्रामीण ने पुलिस को फोन कर सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल की जांच शुरू की। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी की पहचान होने के बावजूद गांव के लोग उसका नाम बताने से कतराते नजर आए। बताया जा रहा है कि आरोपी का गांव में इतना खौफ है कि घटना के 12 घंटे बाद भी किसी ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विधिसम्मत कार्रवाई के लिए पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत की आवश्यकता है।