अंबाला में 7 स्कूलों को बम धमकी ईमेल :  आर्मी पब्लिक स्कूल व केवी-1 भी शामिल,  सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Karuna
2 Min Read
Summer Express - अंबाला में 7 स्कूलों को बम धमकी ईमेल :  आर्मी पब्लिक स्कूल व केवी-1 भी शामिल,  सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Summer express , अंबाला | हरियाणा के अंबाला में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार सुबह आर्मी पब्लिक स्कूल की जूनियर और सीनियर शाखा के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय-1, 2, 3, 4 और एक अन्य बड़े निजी स्कूल सहित कुल सात शैक्षणिक संस्थानों को ईमेल के जरिए विस्फोट की धमकी भेजी गई।

धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। सैन्य क्षेत्र से जुड़े इन स्कूलों में गंभीरता को देखते हुए आर्मी स्कूल और कैंट इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। एहतियात के तौर पर सेना के जवान और सैन्य पुलिस भी मौके पर मौजूद हैं।

पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सभी स्कूल परिसरों में सघन जांच अभियान चलाया है। फिलहाल किसी भी स्कूल में संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।

सूत्रों के अनुसार, ईमेल में आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें अलग-अलग उग्र संदर्भों का उल्लेख होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अभी तक किसी भी स्कूल में छुट्टी घोषित नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियां अब उस ईमेल आईडी और सर्वर की तकनीकी जांच कर रही हैं, जिससे यह धमकी भेजी गई थी। साइबर सेल और खुफिया विभाग मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह किसी शरारत का मामला है या इसके पीछे कोई संगठित साजिश है। शुरुआती जांच में इसे दहशत फैलाने की कोशिश माना जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि ईमेल के आईपी एड्रेस और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह मामला पहले मिली धमकी भरी ईमेल घटनाओं से जुड़ा हुआ है, जिनमें बाद में कोई ठोस खतरा सामने नहीं आया था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *