सरदार पटेल जयंती पर अंबाला में निकाली रन फॉर यूनिटी, स्कूली बच्चों ने लिया भाग

Karuna
2 Min Read
Screenshot

Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को अंबाला छावनी में जिला स्तरीय रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अंबाला के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम का आयोजन अंबाला छावनी स्थित फुटबाल चौक के पास वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में किया गया। उपायुक्त ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी प्रतिभागी स्टेडियम से रवाना होकर शहर के विभिन्न बाजारों से गुजरे और वापस स्टेडियम पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनके सम्मान और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल एकता के प्रतीक हैं और उनके विचार आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं।

वहीं, उपायुक्त ने बताया कि 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंबाला छावनी पहुंचेंगे। इस दौरान वे 1857 के शहीदी स्मारक का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद गांधी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां भी की जा रही हैं। उपायुक्त ने कहा कि जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर यातायात मार्ग बदले जाएंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी और पुलिस अधीक्षक से भी आवश्यक स्थानों पर मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था करने को कहा जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *