Summer express, तिरुपति | आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और मां की कथित रूप से हत्या कर दी और इसके बाद अपने दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान वेंकटकृष्णपलेम गांव निवासी 37 वर्षीय मोहन, उसकी पत्नी हरिता (35), मां चंद्रकला (65) और दो नाबालिग बच्चों के रूप में हुई है। पुत्तूर के डीएसपी जी. रवि कुमार ने बताया कि घटना 22 अप्रैल की है, जब मोहन ने पहले घर में ही पत्नी और मां की हत्या की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने साड़ी से गला घोंटकर दोनों की जान ली। इसके बाद वह अपने बच्चों के स्कूल पहुंचा और पारिवारिक आपात स्थिति का हवाला देकर उन्हें साथ ले गया। शाम वेपगुंटा रेलवे स्टेशन के पास उसने बच्चों सहित चलती ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
पुलिस ने पत्नी और मां की हत्या के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है, जबकि रेलवे ट्रैक पर हुई मौतों की जांच राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा अलग से की जा रही है।
फिलहाल इस पूरे मामले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी किसी मानसिक तनाव या अन्य समस्या से तो नहीं जूझ रहा था।