सिंगापुर | इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सिंगापुर ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। गृह मंत्री के. शनमुगम ने एक बयान में कहा कि क्षेत्रीय हालात को देखते हुए किसी भी तरह की अप्रत्याशित घटना से निपटने के लिए सिंगापुर हर स्तर पर सतर्क है।
चीनी भाषा के अखबार ‘लियानहे ज़ाओबाओ’ को दिए गए इंटरव्यू में शनमुगम ने कहा, “ऐसे हालात में इजराइली, अमेरिकी या अन्य पश्चिमी देशों से जुड़ी संपत्तियों को निशाना बनाया जा सकता है। वहीं, धुर दक्षिणपंथी तत्व मुस्लिम समुदाय से जुड़ी संस्थाओं पर हमला कर सकते हैं।”
हर परिदृश्य के लिए तैयार है सिंगापुर
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार विभिन्न परिदृश्यों पर काम कर रही है क्योंकि सुरक्षा को लेकर पूरी तरह आश्वस्त होना संभव नहीं। उन्होंने बताया कि सिंगापुर की रणनीति में न केवल सरकारी एजेंसियों बल्कि आम लोगों की भागीदारी भी अहम है।
‘SGSecure’ के जरिए बढ़ाई जा रही है जागरूकता
शनमुगम ने कहा कि सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है और सरकार ‘SGSecure’ अभियान के ज़रिए नागरिकों को सतर्क और जागरूक करने का प्रयास कर रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।