जालंधर | थाना रामा मंडी पुलिस को सुच्ची पिंड इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। मौके पर पहुंचे एएसआई सतनाम सिंह ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
इलाके में अक्सर दिखता था, करता था मजदूरी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष थी और वह काफी समय से इसी क्षेत्र में इधर-उधर घूमता नजर आता था। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करता था, लेकिन उससे ज्यादा जानकारी किसी के पास नहीं है।
पुलिस ने शव को अस्पताल भेजा, 72 घंटे की मोहलत
थाना रामा मंडी के एसएचओ मनजिंदर सिंह बस्सी ने जानकारी दी कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। अगर इस दौरान पहचान नहीं हो पाती, तो कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मौत का कारण पोस्टमार्टम से होगा साफ
फिलहाल मृतक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है।