Summer express/पलवल ,पुष्कर सुंदर -:पलवल में संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह मॉक ड्रिल जिला सचिवालय पलवल, नागरिक अस्पताल और मोहना-बागपुर यमुना पुल पर सुबह 9 बजे शुरू की गई। इस दौरान बाढ़, जलभराव, पुल क्षति, लोगों के फंसने और राहत एवं बचाव कार्यों जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल की निगरानी कर रहे नोडल अधिकारी एवं एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार यह अभ्यास किया गया है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। उन्होंने बताया कि जिला सचिवालय की पार्किंग में स्टेजिंग एरिया बनाया गया, जहां बाढ़ राहत और बचाव कार्यों से जुड़े संसाधन और मेनपावर तैनात किए गए।अभ्यास के दौरान राहत शिविरों की स्थापना, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवाएं, ट्रैफिक नियंत्रण और संचार व्यवस्था को भी परखा गया। इसके साथ ही जिला सचिवालय के कमरा नंबर-4 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से लाइव ब्रॉडकास्टिंग कैमरों के जरिए सभी गतिविधियों की निगरानी की गई।
एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों में आई बाढ़ से मिले अनुभवों के आधार पर जिला प्रशासन लगातार अपनी आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपदा के दौरान जानमाल का नुकसान न हो और समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।उन्होंने संबंधित विभागों जैसे एनआईसी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, बिजली निगम, रेडक्रॉस, स्वास्थ्य विभाग, ट्रैफिक पुलिस, नगर परिषद, पशुपालन विभाग, फायर ब्रिगेड, हरियाणा रोडवेज और डीआईपीआरओ विभाग को निर्देश दिए कि वे पूरी तैयारी और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर मौजूद रहें।