Summer express,फतेहाबाद। सदर थाना के मालखाने से जब्त शराब की पेटियां गायब होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में 100 से अधिक पेटियों के रिकॉर्ड से गायब पाए जाने पर सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर द्वारा कराई गई जांच के दौरान मालखाने में रखी शराब की पेटियों में अनियमितता का खुलासा हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के तहत आरोपी थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह का शाम को ही तबादला कर पुलिस लाइन भेज दिया गया। उनकी जगह रतिया के थाना प्रभारी को सदर थाना फतेहाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूत्रों के मुताबिक जांच के दायरे में अन्य पुलिसकर्मी भी आ सकते हैं और मामले में आगे और कार्रवाई होने की संभावना है। पूरे प्रकरण की जांच एएसपी दिव्यांशी सिंगला को सौंपी गई है, जो मालखाने के रिकॉर्ड और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले ही प्रहलाद सिंह को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया था। वहीं पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।