Summer express, गुरुग्राम। नए गुरुग्राम में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत भोंडसी के शहरी क्षेत्र में बड़ी तोड़फोड़ कार्रवाई की गई। गांव की राजस्व सीमा के अंतर्गत विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों में करीब 20 एकड़ क्षेत्र में बने अनधिकृत निर्माणों और बुनियादी ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया।
जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (डीटीपीई) अमित मधोलिया के नेतृत्व में पहुंची विभागीय टीम ने कार्रवाई के दौरान 241 डीपीसी, पांच चारदीवारियों, सात अन्य ढांचों और कॉलोनियों में बनाए गए पूरे पक्के व कच्चे सड़क नेटवर्क को हटा दिया। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भोंडसी थाना पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
विभाग की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में प्लॉट काटने, सड़कें बनाने, चारदीवारी खड़ी करने और मकान निर्माण की शुरुआती प्रक्रिया के तहत डीपीसी तैयार करने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाना था। टीम ने मौके पर पहुंचकर इन सभी अनधिकृत ढांचों को हटाया, ताकि कॉलोनियों में आगे होने वाले अवैध विकास कार्यों पर अंकुश लगाया जा सके।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की ओर से अवैध कॉलोनियों में विकसित किए जा रहे बुनियादी ढांचे की निगरानी की जा रही है। विभाग का जोर ऐसी कॉलोनियों में सड़क नेटवर्क और निर्माण संबंधी शुरुआती ढांचे तैयार होने से पहले ही कार्रवाई करने पर है, जिससे लोग अनधिकृत प्लॉट खरीदने और उनमें निवेश करने से बच सकें।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि भोंडसी में अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। पूरी कार्रवाई पुलिस बल की सहायता से की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा और अनधिकृत निर्माण तथा विकास कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।