Summer express, रेवाड़ी (कोसली)। मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना-2013 के तहत खेती से जुड़े कार्यों के दौरान दुर्घटनाओं का शिकार हुए पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कोसली स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में चेयरमैन महेश यादव और वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल ने छह लाभार्थियों को कुल 8 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।
इस दौरान गांव सेहलंगा की मंजीत देवी को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया। वहीं, गांव फतेहपुरी के सुनील को 1 लाख 25 हजार रुपये, सुनीता को 75 हजार रुपये और शंभू ऋषि देव को 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा महावीर और सोमबीर को 37,500-37,500 रुपये के चेक सौंपे गए। इस प्रकार सभी छह लाभार्थियों को कुल 8.50 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।
मार्केट कमेटी के चेयरमैन महेश यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना का उद्देश्य खेती से जुड़े कार्यों के दौरान दुर्घटना का शिकार होने वाले किसानों और खेतिहर मजदूरों को आर्थिक मदद उपलब्ध करवाना है। योजना के तहत पात्र व्यक्ति को दुर्घटना की प्रकृति और निर्धारित नियमों के अनुसार सहायता राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी सहायता प्रभावित परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान करती है।
महेश यादव ने सहायता राशि जारी करवाने में सहयोग के लिए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और विधायक अनिल यादव का आभार जताया। उन्होंने अनाज मंडी में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मिल रहे सहयोग के लिए भी उनका धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में मार्केट कमेटी के सचिव विकास यादव, लेखाकार नरोत्तम, विजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।