Summer express, राकेश, चिंतपूर्णी। चिंतपूर्णी में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भाजपा के जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह से पहले पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने कहा कि यह कार्यक्रम पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टी है और पंचायती राज संस्थाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस समारोह के माध्यम से पार्टी पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर सम्मानित करने का प्रयास कर रही है।
बलबीर चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालने का प्रयास किया, लेकिन अदालत के आदेश के बाद सरकार को चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने कहा कि चुनावों को रोकने के प्रयास से जनप्रतिनिधियों का अपमान हुआ। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को जनता और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों का समर्थन नहीं मिला, जिसका असर चुनाव परिणामों में भी दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए यह आयोजन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा विषय है।
राजनीतिक दलों के नेताओं की बयानबाजी से जुड़े सवाल पर पूर्व विधायक ने कहा कि सभी दलों को अपनी भाषा में संयम और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शालीन और मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना जरूरी है।
भाजपा में टिकट के दावेदारों की बढ़ती संख्या के सवाल पर बलबीर चौधरी ने कहा कि किसी भी पार्टी की लोकतांत्रिक व्यवस्था की खूबसूरती यही है कि उसमें अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को आगे आने का अवसर मिले। पार्टी के लिए काम करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को टिकट मांगने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि टिकट का फैसला पार्टी के प्रति ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।