Summer express, सुभाष चंद, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित लुहणू क्रिकेट मैदान में पहली बार अंडर-19 महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन के माध्यम से युवा महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतियोगिता को खास बनाने के लिए पूरे आयोजन की थीम गुलाबी रखी गई है।
जिला क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना और बेटियों को खेलों में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करना है। इस टूर्नामेंट के जरिए युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। आयोजन की गुलाबी थीम महिला खिलाड़ियों के सम्मान और उनके उत्साहवर्धन का प्रतीक होगी।
प्रतियोगिता का नारा ‘छोटे कदम, बड़े अरमान, बेटियां बनेंगी भारत की शान’ रखा गया है। इस संदेश के माध्यम से बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने और खेलों में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों का प्रयास है कि लड़कियों को क्रिकेट सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सकारात्मक वातावरण मिले, ताकि वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।
लुहणू मैदान में पहली बार होने जा रही इस प्रतियोगिता को महिला क्रिकेट के प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक खेल का अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।