Summer express, गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा स्थित नंदरामपुर बास गांव निवासी 36 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। बताया गया है कि संदीप ट्रांसपोर्ट कंपनी में मुंशी के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार रात वह अपनी बाइक से ससुराल खलीलपुर (पटौदी) जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार चालक का पता लगाया जा सके।