हांसी | हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के काफिले की एक गाड़ी गुरुवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना रात करीब 2 बजे हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गांव गढ़ी के पास हुई, जब मंत्री नारनौल से हिसार लौट रहे थे।
मंत्री के काफिले को हांसी जिला पुलिस की पीसीआर टीम एस्कॉर्ट कर रही थी। गढ़ी गांव के नजदीक अचानक एक ट्रक ने ब्रेकर पर ब्रेक लगा दी, जिससे पायलटिंग कर रही पुलिस गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई।
हादसे में सब-इंस्पेक्टर राजकुमार, कांस्टेबल विजय और एसपीओ धर्मपाल घायल हो गए। राजकुमार और विजय को पहले हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हिसार रेफर किया गया। एसपीओ धर्मपाल को उनके परिजन इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए।
बास थाना प्रभारी मनदीप चहल ने बताया कि यह गाड़ी मंत्री के काफिले को रामायण टोल प्लाजा तक छोड़ने के बाद लौट रही थी। जैसे ही वाहन गढ़ी बस स्टैंड के पास पहुंचा, सामने चल रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।