Summer express, रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां भारतीय सेना के 28 वर्षीय जवान ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान गांव नेहरूगढ़ निवासी योगेश निनानियां के रूप में हुई है, जो राजस्थान के बाड़मेर में तैनात थे। वह करीब 25 दिन पहले छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात योगेश अपने कमरे में सोने के लिए गए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई। जब परिवार के सदस्यों ने कमरे का दरवाजा खोला तो योगेश पंखे से लटके मिले। आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर कोसली के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नाहड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि परिजनों का कहना है कि योगेश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे।
योगेश वर्ष 2022 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उनकी मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिवार में पत्नी, करीब सवा साल का बेटा, पिता, दादा-दादी और छोटा भाई हैं। उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका है।
नाहड़ चौकी प्रभारी अरविंद यादव ने बताया कि जवान की मौत के मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।