कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ठंड से बचाव के लिए अंगीठी जलाना पांच मजदूरों के लिए जानलेवा साबित हुआ। पिपली रोड स्थित स्टर्लिंग रिसोर्ट में एक बंद कमरे में सो रहे पांच लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, स्टर्लिंग रिसोर्ट में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आए पेंटिंग का काम करने वाले पांच मजदूर रात को एक ही कमरे में सोए थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में अंगीठी जलाई और दरवाजा-खिड़की बंद कर ली। इसी कारण कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और सभी की दम घुटने से मौत हो गई।
सुबह नहीं हुई कोई हलचल, तब खुला मामला
सुबह जब लंबे समय तक कमरे से कोई बाहर नहीं निकला तो होटल स्टाफ को शक हुआ। खिड़की से झांकने पर अंदर कोई हलचल नजर नहीं आई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर सिटी थाना प्रभारी दिनेश राणा, सेक्टर-7 चौकी इंचार्ज कमल और फॉरेंसिक टीम पहुंची। जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सहारनपुर से आए थे सभी मजदूर
होटल के सुपरवाइजर उपेंद्र ने बताया कि सहारनपुर निवासी ठेकेदार नूर अपनी लेबर के साथ पेंटिंग कार्य के लिए कुरुक्षेत्र आया था। सभी मजदूर रात में उसी कमरे में रुके हुए थे। सुबह सफाई कर्मचारी के बताने पर कमरे की जांच की गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
थाना सिटी प्रभारी दिनेश राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण दम घुटना सामने आया है। सभी शवों का पोस्टमार्टम परिजनों के पहुंचने के बाद कराया जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
बंद कमरे में अंगीठी जलाना बेहद खतरनाक
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों में बंद कमरे में अंगीठी, अलाव, ब्लोअर या रूम हीटर जलाना जानलेवा हो सकता है। इससे कमरे में ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिरता है, जिससे व्यक्ति बेहोश हो जाता है और समय पर मदद न मिलने पर मौत भी हो सकती है।