लंदन | आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी और बैंक धोखाधड़ी के मामलों में वांछित विजय माल्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ललित मोदी द्वारा आयोजित एक भव्य पार्टी के दौरान दोनों को साथ देखा गया, जहां वे प्रसिद्ध अंग्रेजी गायक फ्रैंक सिनात्रा का क्लासिक गाना ‘I Did It My Way’ गुनगुनाते नजर आए। इस वीडियो को खुद मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
310 से अधिक मेहमान, क्रिस गेल भी पहुंचे
इस हाई-प्रोफाइल पार्टी में करीब 310 मेहमान शामिल हुए, जिनमें ललित मोदी के दोस्त, परिजन और अंतरराष्ट्रीय मेहमान शामिल थे। वेस्ट इंडीज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल भी इस जश्न का हिस्सा बने। उन्होंने माल्या और मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “शानदार शाम, खूब मज़ा आया।”
मोदी की टिप्पणी से फिर बढ़ा विवाद
वीडियो पोस्ट करते हुए ललित मोदी ने लिखा, “310 दोस्तों और परिवार के साथ एक शानदार शाम। उम्मीद है ये वीडियो इंटरनेट पर न पहुंचे… थोड़ा विवादास्पद ज़रूर है, लेकिन यही मैं सबसे अच्छा करता हूं।” मोदी की यह चुटीली टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
कौन हैं ललित मोदी और विजय माल्या?
- ललित मोदी: आईपीएल के पहले चेयरमैन और कमिश्नर रहे मोदी 2010 से यूके में रह रहे हैं। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग, फेमा उल्लंघन, रिश्वतखोरी और टेंडर हेराफेरी जैसे गंभीर आरोप हैं।
- विजय माल्या: पूर्व उद्योगपति और किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक माल्या भारत में 9,000 करोड़ रुपये के कर्ज घोटाले में वांछित हैं। वे 2017 में लंदन में गिरफ्तार हुए थे और फिलहाल जमानत पर हैं। माल्या इन आरोपों को राजनीतिक साजिश करार देते रहे हैं।
जश्न के साथ व्यंग्य भी
दोनों भगोड़े कारोबारी जिस गीत पर झूमते नजर आए, उसका संदेश – ‘मैंने अपनी शर्तों पर जीवन जिया’ – इस पूरे घटनाक्रम को एक विडंबनात्मक रंग दे गया। जहां एक ओर वे कानूनी विवादों से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस तरह की सार्वजनिक उपस्थिति ने भारत में उनके प्रत्यर्पण और जवाबदेही को लेकर फिर बहस छेड़ दी है।