Summer express, बहादुरगढ़। सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर परिषद बहादुरगढ़ ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी के नेतृत्व में बर्तन बैंक का विस्तार करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके तहत परिषद द्वारा चार हजार स्टील के गिलास, एक हजार प्लेटें और एक हजार चम्मच खरीदे जाएंगे। खरीद प्रक्रिया के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और जल्द ही सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि धार्मिक आयोजनों, छबीलों, भंडारों और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में बड़ी मात्रा में डिस्पोजेबल प्लास्टिक के बर्तनों का इस्तेमाल होता है। कार्यक्रमों के बाद यही प्लास्टिक कचरा सड़कों और नालों में पहुंचकर पर्यावरण प्रदूषण तथा स्वच्छता संबंधी समस्याओं को बढ़ाता है। इसी चुनौती से निपटने के लिए नगर परिषद ने पहले बर्तन बैंक की स्थापना की थी, जिसे लोगों का अच्छा सहयोग और समर्थन मिला।
उन्होंने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए अब बर्तन बैंक को और सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संस्थाएं अपने आयोजनों में स्टील के पुन: उपयोग योग्य बर्तनों का इस्तेमाल कर सकें। इससे प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी और स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
सरोज राठी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें और नगर परिषद के बर्तन बैंक से स्टील के बर्तन लेकर पर्यावरण अनुकूल आयोजनों को बढ़ावा दें।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि नागरिक प्लास्टिक के बजाय पुन: उपयोग होने वाले बर्तनों को अपनाएं तो बहादुरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है। नगर परिषद की यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।