summer express , मुंबई। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश स्टेट हाईवे पर नागरा गांव के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने हुई टक्कर में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से मजदूरों का एक समूह अपने परिवार के साथ रोजगार की तलाश में हैदराबाद जा रहा था। सभी लोग बोलेरो वाहन (MP-15 T 3495) में सवार थे। रात करीब 11:30 बजे नागरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (MH-35 AJ-2547) ने बोलेरो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग वाहन के मलबे में फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को वाहन से बाहर निकाला। कई शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। सात घायलों का उपचार जारी है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के संबंध में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे, निवासी पिपलगांव खुर्द, किरनापुर, जिला बालाघाट के बयान के आधार पर ट्रक चालक मोहसिन खान (32), निवासी गोंदिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 281, 106(1), 125(a), 125(b) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर वैभव पवार की देखरेख में महिला असिस्टेंट पुलिस सब-इंस्पेक्टर वर्षा नैतम कर रही हैं। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच में जुटी है।