summer express, अमृतसर। पंजाब में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पश्चिमी हवाओं के मुकाबले मानसूनी हवाएं अभी प्रभावी बनी हुई हैं, जिसके चलते सितंबर का आधा महीना बीतने के बावजूद मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल नहीं हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, विदाई से पहले मानसून उत्तर भारत के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश करा सकता है।
पंजाब में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 15 सितंबर को सात जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 16 और 17 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। 18 सितंबर को प्रदेश में किसी तरह का अलर्ट नहीं है और मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
15 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन में गरज के साथ बिजली चमकने का यलो अलर्ट है। मालवा और मध्य पंजाब के अन्य जिलों में फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
16 सितंबर को मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को मिल सकता है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में बिजली चमकने के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में भी गरज-चमक की चेतावनी है। वहीं लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में कोई अलर्ट नहीं है।
17 सितंबर को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला और बठिंडा समेत कपूरथला-जालंधर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक की संभावना है। दूसरी ओर अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, लुधियाना और संगरूर समेत कई जिलों में किसी तरह की चेतावनी नहीं है।
18 सितंबर को पूरे पंजाब में मौसम सामान्य रहने की संभावना है और मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है। सोमवार को प्रदेश में बादल छाए रहने से औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। राज्य में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा एयरपोर्ट पर दर्ज किया गया।
अमृतसर में अधिकतम तापमान 33.4, लुधियाना में 33.6, पटियाला में 34.1, चंडीगढ़ में 33.8, पठानकोट में 34.6 और जालंधर में 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहा। रोपड़ में 23.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हल्की बूंदाबांदी हुई।