summer express, लुधियाना । टिब्बा रोड इलाके में देर शाम एक ऑटो रिपेयर की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान के अंदर मरम्मत के लिए खड़ी एक होंडा एक्टिवा और मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, आसपास के दुकानदारों की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया। दुकान से महज दो गज की दूरी पर बिजली का ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, टिब्बा रोड पर पूर्व विधायक संजय तलवार के कार्यालय वाली गली में ‘वर्मा ऑटो रिपेयर’ की दुकान है। दुकान संचालक रोजाना की तरह शाम को शटर बंद कर घर चला गया था। कुछ देर बाद आसपास के दुकानदारों ने दुकान के शटर की दरारों से घना काला धुआं निकलता देखा। उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद दुकान मालिक ने चाबियां लेकर एक कर्मचारी को मौके पर भेजा। कर्मचारी ने शटर खोला तो अंदर एक्टिवा और मोटरसाइकिल आग की लपटों से घिरी हुई थीं। आग तेजी से छत की ओर बढ़ रही थी। स्थिति को देखते हुए आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों वाहनों को खींचकर दुकान से बाहर निकाला। इसके बाद लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह एक्टिवा की बैटरी में शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। आशंका है कि बैटरी से निकली चिंगारी के कारण पेट्रोल और वायरिंग ने आग पकड़ ली, जिसके बाद पास खड़ी मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुकान से करीब दो गज की दूरी पर बिजली विभाग का मुख्य ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ऐसे में यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच सकती थीं। इससे ट्रांसफार्मर में आग या विस्फोट होने की स्थिति में आसपास की दुकानों और पूरे इलाके में बड़ा नुकसान हो सकता था।
दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने समय पर दिखाई गई तत्परता से बड़े हादसे को टलने पर राहत की सांस ली। उन्होंने आग पर काबू पाने में सहयोग करने वाले लोगों की सराहना की।