summer express, गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में सेक्टर-83 स्थित जी-21 सोसायटी के बाहर नवनिर्मित पानी की टंकी अचानक फटने से बड़ा हादसा हो गया। टंकी के नीचे नहा रहे बच्चों में से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे के भी हादसे में मारे जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल केवल एक बच्ची की मौत की पुष्टि की है।
मृतका की पहचान चार वर्षीय सुमैया प्रवीन पुत्री शरीफ अली निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। हादसे के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में बच्ची के पिता शरीफ अली की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, शरीफ अली राजमिस्त्री का काम करता है और सेक्टर-83 स्थित जी-21 सोसायटी के बाहर बनी झुग्गियों में किराए पर रहता है। उसकी पत्नी रुबिना बीबी अपनी सबसे छोटी बेटी को नहलाने के लिए सोसायटी के बाहर ठेकेदार अजय निवासी गांव जाभा नादिया, पश्चिम बंगाल द्वारा बनाई गई नई पानी की टंकी के पास गई थी।
बताया गया कि टंकी में पानी भरकर उसकी जांच की गई थी। इसके बाद बच्चों को वहां नहाने के लिए छोड़ दिया गया। बच्चे नहा रहे थे, तभी अचानक पानी की टंकी फट गई। टंकी फटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दो बच्चे तथा एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायल सुमैया प्रवीन को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल बच्चे को उसके परिजन अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गए। शरीफ अली ने पुलिस को बताया है कि दूसरे बच्चे की भी मौत हो गई है।
हालांकि खेड़कीदौला थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस के पास फिलहाल केवल सुमैया प्रवीन की मौत की पुष्टि हुई है। दूसरे बच्चे की मौत के संबंध में पुलिस को अभी कोई शिकायत या आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि दूसरे बच्चे की मौत की सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टंकी के निर्माण तथा हादसे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।