summer express , रेवाड़ी। धारूहेड़ा की ईएसआईसी डिस्पेंसरी नंबर-2 में सोमवार को एक कर्मचारी की कार पर दो पन्नों का हस्तलिखित धमकी भरा पत्र मिलने से हड़कंप मच गया। पत्र में डॉक्टर से लेकर चपरासी तक डिस्पेंसरी के पूरे स्टाफ को जान से मारने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पत्र भेजने वाले ने खुद को ‘यमराज’ बताया है।
जानकारी के अनुसार, डिस्पेंसरी में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत गुरमीत सिंह सोमवार को अपनी कार के पास पहुंचे तो उन्हें वाहन पर दो पन्नों का हस्तलिखित पत्र रखा मिला। पत्र में डिस्पेंसरी के सभी कर्मचारियों से मिलकर 5 लाख रुपये देने की मांग की गई है। रकम नहीं देने पर पूरे स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी गई है।
पत्र में आरोपी ने खुद को ‘यमराज’ बताते हुए कर्मचारियों को चेतावनी दी है। साथ ही रकम देने की सहमति जताने के संकेत के तौर पर सोमवार शाम 5 बजे तक डिस्पेंसरी के मुख्य गेट पर ‘+’ का निशान बनाने को कहा गया। पत्र में चेतावनी दी गई कि इसके बाद कर्मचारियों का ‘काउंटडाउन’ शुरू हो जाएगा। मांग पूरी नहीं करने पर रंगदारी की रकम दोगुनी करने की धमकी भी दी गई है।
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद गुरमीत सिंह ने मामले की शिकायत धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पत्र को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस डिस्पेंसरी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पत्र रखने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी भरा पत्र किसने और किस उद्देश्य से भेजा है। घटना के बाद डिस्पेंसरी के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।