Summer express/हमीरपुर, अरविंद-:जल शक्ति विभाग में फील्ड स्टाफ की कमी को दूर करने की दिशा में विभाग ने अहम कदम उठाया है। हमीरपुर डिवीजन में जल्द ही पंप हाउस ऑपरेटर, पानी छोड़ने वाले कर्मचारियों और फिटर के 130 नए पद भरे जाएंगे। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इंटरव्यू का दौर जारी है।
जल शक्ति विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर नीरज भोगल ने बताया कि हमीरपुर डिवीजन में फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। पेयजल योजनाओं के सुचारू संचालन, पंप हाउसों के रखरखाव और उपभोक्ताओं तक नियमित पानी पहुंचाने के लिए पर्याप्त तकनीकी स्टाफ बेहद जरूरी है।उन्होंने बताया कि इससे पहले विभाग की ओर से हमीरपुर डिवीजन को 517 पद स्वीकृत किए गए थे। इन पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। अब विभाग को 130 अतिरिक्त पद मिले हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया चल रही है। भर्ती पूरी होने के बाद डिवीजन में फील्ड स्टाफ की उपलब्धता में काफी सुधार आएगा।
नीरज भोगल के अनुसार, पंप हाउस के संचालन, पानी की सप्लाई और पाइपलाइन से जुड़ी व्यवस्थाओं को संभालने के लिए इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती से पेयजल योजनाओं की निगरानी और रखरखाव का काम भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।विभाग का कहना है कि नए कर्मचारियों की नियुक्ति से फील्ड में कर्मचारियों की कमी काफी हद तक दूर होगी। इसका सीधा लाभ पेयजल योजनाओं के संचालन और लोगों को मिलने वाली पानी की सुविधा पर पड़ेगा। अधिकारियों के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारियों की तैनाती जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में की जाएगी।