summer express , जालंधर। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि, अब कैंपस में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।
घटना को लेकर पंजाब सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश डीजीपी गौरव यादव को दिए हैं। सोमवार को डीजीपी गौरव यादव और स्पेशल डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने यूनिवर्सिटी परिसर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की व्यापक स्तर पर जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के सवाल पर कहा कि रविवार को उत्पन्न परिस्थितियों और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस को यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों की बात भी सुनी जाएगी और पूरे मामले को सभी पहलुओं से देखा जाएगा।
डीजीपी ने बताया कि पहले विद्यार्थियों का पक्ष सुना जाएगा और इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन से भी घटनाक्रम को लेकर जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में जिन भी लोगों की भूमिका सामने आएगी, उसकी जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटनाक्रम में नकारात्मक भूमिका निभाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।