summer express , भिवानी। बहुचर्चित मनीषा मौत मामले में मृतका के पिता संजय कुमार की ओर से सीबीआई की विशेष अदालत में जवाब दाखिल किया गया है। परिवार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो की क्लोजर रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए इसे अदालत में चुनौती दी है। मामले में अगली सुनवाई 14 अक्तूबर को होगी।
मनीषा के पिता संजय कुमार की ओर से अधिवक्ता हर्ष मोहन सिंह ने सीबीआई की विशेष अदालत में जवाब पेश किया। बताया गया है कि इस जवाब में सीबीआई की अंतिम रिपोर्ट को लेकर परिवार का पक्ष और आपत्तियां रखी गई हैं। 14 अक्तूबर को होने वाली सुनवाई के दौरान अदालत में इस जवाब पर बहस होगी।
मामले में सीबीआई ने अपनी अंतिम रिपोर्ट में मनीषा की मौत को आत्महत्या बताया है। वहीं, दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण धारदार हथियार से लगी चोटों को बताया गया था। दोनों रिपोर्टों में सामने आए निष्कर्ष अलग होने के कारण मामला लगातार चर्चा में रहा है।
गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा 11 अगस्त 2025 की सुबह घर से निकलने के बाद लापता हो गई थी। दो दिन बाद 13 अगस्त की सुबह उसका शव सिंघानी गांव के पास नहर के समीप खेतों में मिला था। शव की स्थिति भी गंभीर बताई गई थी। उसके चेहरे, नाक की संरचनाओं, दोनों आंखों के सॉकेट और गर्दन के हिस्से गायब मिले थे।
मनीषा के पिता संजय कुमार का कहना है कि परिवार सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। इसी के चलते अदालत में जवाब दाखिल कर रिपोर्ट को चुनौती दी गई है। अब 14 अक्तूबर को होने वाली सुनवाई में अदालत के समक्ष परिवार की ओर से रखे गए तर्कों और जवाब पर सुनवाई होगी।