summer express बेंगलुरु। कर्नाटक के मैसूर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक साल सात महीने की बच्ची की स्कूल वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब शास्त्री पब्लिक स्कूल का वाहन चार वर्षीय बच्चे को स्कूल से उसके घर छोड़ने पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, वाहन से बच्चे को नीचे उतारने के दौरान उसकी मां वाहन के पास मौजूद थी। इसी दौरान चालक ने अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया। पास में खड़ी एक साल सात महीने की बच्ची लतिक्षा वाहन की चपेट में आ गई।
वाहन का पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले में 42 वर्षीय चालक सिद्धराजू के खिलाफ केस दर्ज किया है। बच्ची के परिजनों ने चालक पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हादसे के बाद पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए हुनसुर सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर चालक की लापरवाही और हादसे की परिस्थितियों को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।