Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुनील बरसैन ने पत्रकार वार्ता कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और हाल में सामने आए चुनाव संबंधी मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। बरसैन ने 26 सितंबर को चुनाव आयोग की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता का हवाला देते हुए आयोग के भीतर निर्णय लेने की प्रक्रिया पर चर्चा की और इसमें अधिक पारदर्शिता की जरूरत बताई।बरसैन के अनुसार, आयोग की बैठकों में पहले से एजेंडा वितरित किए जाने और बैठकों में लिए गए निर्णयों की जानकारी सभी चुनाव आयुक्तों तक पहुंचने को लेकर सवाल सामने आए हैं। उन्होंने 24 जून 2025 की चुनाव आयोग की अधिसूचना का उल्लेख करते हुए SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर भी प्रश्न उठाए।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसलों को लेकर चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली पर सार्वजनिक स्तर पर चर्चा हुई है। उन्होंने बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल तक चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों का जिक्र करते हुए संबंधित मामलों में स्पष्टता और पारदर्शी जवाब की मांग की।बरसैन ने वर्ष 2023 में चुनाव आयोग से जुड़े कानूनी संरक्षण के प्रावधान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रावधान को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही महत्वपूर्ण है।