Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति छह अक्टूबर को श्री नैना देवी जी मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। उनके दौरे को देखते हुए मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई है।उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति के मंदिर दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में मंदिर में दर्शन के लिए न आएं और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
प्रशासन के अनुसार राष्ट्रपति के दौरे को लेकर संबंधित मार्गों का रूट मैप और यातायात व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। सुरक्षा कारणों से आवश्यक स्थानों पर यातायात में बदलाव किए जा सकते हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।श्री नैना देवी जी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति बिलासपुर स्थित एम्स का दौरा करेंगी। यहां वह निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होंगी।जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दौरे के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि राष्ट्रपति का दौरा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।