सुंदरनगर की हिमा देवी ने प्रदेश सरकार का योजना के लिए जताया आभार
सुंदरनगर में अब तक 553 श्रमिकों को बांटी जा चुकी है 2.16 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता
Summer express/मंडी, धर्मवीर- प्रदेश सरकार की श्रमिकों और उनके परिवार के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाएं जरूरत के समय आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के उपमंडल सुंदरनगर कार्यालय के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों तथा उनके परिवारों को शिक्षा, विवाह, चिकित्सा, मातृत्व-पितृत्व सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
सुंदरनगर उपमंडल के गांव कांगर की हिमा देवी भी ऐसी ही योजना से लाभान्वित हुई हैं। मनरेगा में दिहाड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाली हिमा देवी को बेटे की शादी पर मिली आर्थिक सहायता काफी उपयोगी साबित हुई। हिमा देवी ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़े बेटे की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि छोटे बेटे के विवाह के लिए उन्हें 15 अगस्त 2026 को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मिली इस सहायता से उनके परिवार को काफी राहत मिली और शादी के खर्च का बोझ कम करने में मदद मिली। उन्होंने इसके लिए सरकार का आभार जताया है। वर्ष 2022 से 31 अगस्त 2026 तक सुंदरनगर उपमंडल में कुल 2880 श्रमिक पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस अवधि में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए 553 श्रमिकों को करीब 2.16 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।