पलवल में भगवान परशुराम द्वार का शिलान्यास, गौरव गौतम बोले- कांग्रेस फैला रही वोट चोरी का भ्रम
Summer express/पलवल, सुंदर कुंडू -:हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को पलवल के बस स्टैंड चौक पर 1.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भगवान परशुराम द्वार का शिलान्यास किया। इस दौरान नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल और मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान गौरव गौतम ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र किया। वहीं, वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा।
कांग्रेस शासित राज्यों में भी इस्तीफा देकर चुनाव लड़ें: गौतम
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि अगर कांग्रेस को लगता है कि चुनावों में वोट चोरी हुई है, तो उसे उन राज्यों में भी अपने चुने हुए सांसदों और विधायकों से इस्तीफा दिलाकर दोबारा चुनाव लड़वाना चाहिए, जहां कांग्रेस की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में हारने पर ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर उसे सब कुछ सही लगता है। गौतम ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे पर भ्रम फैलाकर देश में अफवाहों का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सकारात्मक राजनीति करते हुए जनता का विश्वास जीतना चाहिए, लेकिन पार्टी भीड़ जुटाकर सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता विपक्ष की राजनीति को देख रही है।
अभय चौटाला के आरोपों पर भी दिया जवाब
इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला की ओर से भाजपा सरकार के 12 साल के कार्यकाल में कथित हजारों करोड़ रुपये के घोटालों की जांच कराने संबंधी बयान पर भी गौरव गौतम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला सरकार बनने पर जांच कराने की बात करते हैं, लेकिन उनके अनुसार इनेलो की सरकार बनने की संभावना नहीं है।
पलवल को सुंदर और आधुनिक बनाने पर जोर
गौरव गौतम ने कहा कि भगवान परशुराम द्वार शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और भगवान परशुराम के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बनेगा। उन्होंने बताया कि पलवल को भव्य स्वरूप देने के लिए हुड्डा चौक पर महाराणा प्रताप द्वार बनाया गया है और आगरा चौक पर भगवान श्रीकृष्ण-अर्जुन की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। एलिवेटेड पुल पर महापुरुषों और खिलाड़ियों से संबंधित पेंटिंग भी बनाई जा रही हैं। इसके अलावा शहर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य, सड़क और परिवहन सुविधाओं पर होगा काम
राज्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में सकारात्मक सोच के साथ पलवल के विकास को नई दिशा दी जाएगी। नागरिक अस्पताल को आधुनिक स्वरूप दिया गया है और मेडिकल कॉलेज की परियोजना पर काम चल रहा है। शहर में मॉडल रोड बनाए जा रहे हैं तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल स्टेडियम का नवीनीकरण किया गया है।उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो चलाने की परियोजना पर काम शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। खादर क्षेत्र के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पलवल-अलीगढ़ रोड, हुड्डा चौक और मालगोदाम रोड के निर्माण से लोगों को राहत मिली है।गौरव गौतम ने कहा कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ पलवल के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।