Summer express/भिवानी-: हरियाणा के भिवानी जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रेमनगर गांव के नजदीक BBMB पावर हाउस के सामने एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि बस कंडक्टर समेत 13 लोग घायल हो गए। कंडक्टर की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, प्राइवेट बस भिवानी से हांसी की ओर जा रही थी। जब बस प्रेमनगर गांव के पास BBMB पावर हाउस के सामने पहुंची, तो ब्रेकर पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल, भिवानी पहुंचाया गया।
DSP ने की दो मौतों की पुष्टि
DSP अनूप कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। बस कंडक्टर गंभीर रूप से घायल है, जबकि 12 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
सरपंच ने बस चालक पर लगाए लापरवाही के आरोप
प्रेमनगर गांव के सरपंच राजेश बूरा ने आरोप लगाया कि प्राइवेट बसों के चालक गांव में सवारियों को उतारने और चढ़ाने से बचते हैं। इसके चलते वे ब्रेकर पर भी तेज रफ्तार से बस निकालते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।सरपंच के मुताबिक, इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में गांव के मोहित की भी मौत हो गई, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसकी मौत से गांव में शोक का माहौल है।