सांसद कार्तिकेय शर्मा को केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पत्र लिखकर दी स्वीकृति की जानकारी
मैनपाल | कालका
समर न्यूज
राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा की सक्रिय पहल से पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के महाराजा अज्ज सरोवर के विकास का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत इस परियोजना के लिए 93 करोड़ 94 लाख 16 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसद कार्तिकेय शर्मा को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण मंजूरी की आधिकारिक पुष्टि की है। श्री राम मंदिर महाराजा अज्ज सरोवर विकास समिति के अध्यक्ष शशिपाल जैन ने इस ऐतिहासिक स्थल के समग्र विकास के लिए सांसद कार्तिकेय शर्मा से सहयोग का आग्रह किया था। समिति की मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर पंजाब सरकार द्वारा तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को शीघ्र स्वीकृति देने और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
सांसद कार्तिकेय शर्मा के प्रयासों के बाद केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने परियोजना के लिए 9,394.16 लाख रुपये की राशि मंजूर की है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाराजा अज्ज सरोवर का संबंध भगवान श्रीराम जी के दादा यानी महाराजा अज्ज जी से है। प्रस्तावित परियोजना के तहत यहां रामायण व्याख्या केंद्र, भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा, घाटों का विकास, प्रवेश द्वार, ओपन-एयर थिएटर तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा, “हमारी ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें हमारी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली विरासत की पहचान हैं। महाराजा अज्ज सरोवर के विकास के लिए लगभग 94 करोड़ रुपये की स्वीकृति अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।
कार्तिकेय शर्मा ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा महाराजा अज्ज सरोवर का विकास आने वाले समय में क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा।