Summer express, भवानीगढ़। गांव बलियाल में बिजली का करंट लगने से एक गरीब परिवार की चार भैंसों की मौत हो गई। इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने सरकार और प्रशासन से नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की जानकारी देते हुए गांव के सरपंच जगमीत सिंह भोला ने बताया कि तरसेम सिंह पुत्र बुद्ध सिंह गांव के गरीब दलित परिवार से संबंध रखते हैं। उन्होंने अपने पशुओं को रखने के लिए शेड और उन्हें चारा खिलाने के लिए खुरली बना रखी है। सुबह अचानक शेड और खुरली में बिजली का करंट फैल गया। इसकी चपेट में वहां बंधी चार भैंसें आ गईं और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सरपंच ने बताया कि इस हादसे के कारण परिवार को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पशुपालन ही परिवार की आजीविका का एक महत्वपूर्ण साधन था। चारों भैंसों की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित तरसेम सिंह ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि घटना की जांच करवाकर हुए नुकसान का आकलन किया जाए और परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि इस मुश्किल समय में उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।