{रावी नदी के किनारे 92 एकड़ शामलात जमीन के अवैध हस्तांतरण व खनन का आरोप, 31 खाते फ्रीज
समर न्यूज | जालंधर
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पठानकोट में शामलात जमीन के कथित अवैध हस्तांतरण और खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) कुलदीप सिंह और खनन कारोबारी निपुण महाजन को गिरफ्तार किया है। दोनों को जालंधर की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 16 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया। दोनों की गिरफ्तारी 11 नवंबर को की गई थी। मामला पठानकोट के गांव भटियान में ग्राम पंचायत गोल की 734 कनाल एक मरला यानी करीब 91.75 एकड़ शामलात जमीन को कथित रूप से धोखाधड़ी से निजी व्यक्तियों के नाम हस्तांतरित करने से जुड़ा है। यह जमीन रावी नदी के किनारे अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित है। आरोप है कि तत्कालीन एडीसी कुलदीप सिंह ने 27 फरवरी 2023 को जमीन के हस्तांतरण का आदेश जारी किया था। वह अगले ही दिन सेवानिवृत्त होने वाले थे। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने इस मामले में 9 अगस्त 2023 को प्राथमिकी दर्ज की थी। इसी के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की।
ईडी ने जुलाई 2026 में मामले से जुड़े 16 ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 1.75 करोड़ रुपये नकद बरामद किए थे। आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के 31 बैंक खाते भी फ्रीज किए गए। आईआईटी रोपड़ के सर्वे के आधार पर करीब 367.5 करोड़ रुपये के खनिजों की अवैध खुदाई का आकलन किया गया है। सैटेलाइट तस्वीरों में भी संबंधित क्षेत्रों में खुदाई का विस्तार सामने आया है।