सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
केंद्र सरकार की ओर से कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1364 दवाओं की कीमतों में कटौती करने के फैसले का भाजपा जिला मोहाली के अध्यक्ष संजीव वशिष्ट ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे कैंसर पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक राहत देने वाला ऐतिहासिक और जनहितैषी फैसला बताया। संजीव वशिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता की पहुंच में लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इसी दिशा में राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) की ओर से 137 कैंसर रोधी दवाओं के 1364 फॉर्मूलेशन्स की कीमतों में कटौती की गई है। उन्होंने बताया कि 679 ब्रांडों की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी की गई है, जबकि कुछ दवाओं की कीमतों में अधिकतम 96.45 प्रतिशत तक कटौती हुई है। इस फैसले से देशभर के मरीजों को सालाना करीब 3540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।
वशिष्ट ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज करवाना आम परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती होता है। ऐसे में दवाओं की कीमतें कम होने से मरीजों को इलाज जारी रखने में मदद मिलेगी।