Summer express, यमुनानगर। जिले के गांव खिलांवाला में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से खैर की लकड़ी का भंडारण किए जाने के मामले में छापेमारी कर करीब पांच क्विंटल लकड़ी बरामद की है। लकड़ी को आरोपियों ने घर में भूसे के ढेर के बीच छिपाकर रखा हुआ था, ताकि किसी को इसकी जानकारी न मिल सके। टीम ने मौके से पूरी लकड़ी कब्जे में लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव खिलांवाला में खैर की लकड़ी का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रेंज अधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पुलिस को साथ लेकर संबंधित स्थान पर छापा मारा। टीम ने वाजिद और जुल्फान के घर पर तलाशी ली। इस दौरान घर में भूसे के बीच छिपाकर रखी गई करीब पांच क्विंटल खैर की लकड़ी मिली।
वन विभाग की टीम ने लकड़ी को बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान विभाग के अनुज रावल, हरीश धीमान, संदीप वर्मा और मनजीत भी मौजूद रहे। छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायल 112 की पुलिस टीम को भी साथ रखा गया था।
बताया जा रहा है कि लकड़ी को भूसे के ढेर में इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य तौर पर किसी की नजर उस पर न पड़े। वन विभाग ने बरामद लकड़ी के संबंध में जांच शुरू कर दी है। विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि खैर की लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसके अवैध भंडारण के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से खैर की लकड़ी का भंडारण और कारोबार करने वालों में हलचल है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बरामद लकड़ी को विभाग ने अपने कब्जे में रखा है।