Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसानों ने नारायणगढ़ शुगर मिल बानोदी के सामने धरना शुरू कर दिया है। भारतीय किसान यूनियन चढूनी, गन्ना संघर्ष समिति और संयुक्त गन्ना कमेटी के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन की अगुवाई भाकियू चढूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी कर रहे हैं। किसानों ने सरकार से गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित करने की मांग उठाई है। गुरनाम सिंह चढूनी ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक सरकार उनकी मांग स्वीकार नहीं करती, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए गुरनाम सिंह चढूनी ने किसानों से अपील की कि जब तक सरकार गन्ने का भाव बढ़ाने पर फैसला नहीं लेती, तब तक वे गन्ने की छिलाई बंद रखें। उन्होंने सरकार की ओर से गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किए जाने के आधार पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सरकार की ओर से गठित कमेटी गन्ने की कीमत तय करने के लिए किन आधारों और लागत को ध्यान में रखती है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती।
चढूनी ने दावा किया कि इस बार गन्ने की उत्पादन लागत करीब 455 रुपये प्रति क्विंटल आई है। ऐसे में किसानों को 430 रुपये प्रति क्विंटल का भाव देना उनकी लागत की भरपाई के लिए भी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जब उत्पादन लागत ही निर्धारित मूल्य से अधिक है तो किसानों को मुनाफा कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत और बढ़ती लागत के अनुरूप गन्ने का मूल्य मिलना चाहिए।
भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि गन्ने का भाव नहीं बढ़ाया गया तो इसका असर चीनी मिलों पर भी पड़ सकता है। उनके अनुसार, यदि मिलों के पास तीन महीने का स्टॉक रह जाता है तो उनके संचालन पर संकट खड़ा हो सकता है। इससे मिलों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने मिलों की ओर से घाटे की बात कहे जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि महंगाई को आधार बनाकर किसानों की मांग को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
चढूनी ने प्रधानमंत्री की ओर से किसानों को लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा देने के वादे का भी जिक्र किया। उन्होंने पूछा कि गन्ना उत्पादक किसानों को इस वादे के अनुरूप लाभ क्यों नहीं मिल रहा है। किसान संगठनों ने सरकार से जल्द गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की है। गुरनाम सिंह चढूनी ने दोहराया कि मांग पूरी होने तक नारायणगढ़ शुगर मिल के सामने किसानों का धरना जारी रहेगा।