Summer express, पानीपत। हरियाणा के पानीपत में नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार करने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। सनौली रोड पर गांव कुराड़ के पास होटल जयफुड के नजदीक स्थित एमएस इंटरप्राइजेज में सीए फ्लाइंग, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से अलग-अलग ब्रांड की 9,391 भरी हुई बोतलें और 41 लेबल रोल बरामद किए गए। इनमें कोका-कोला, स्प्राइट, लिम्का, माउंटेन ड्यू, फैंटा और थम्स अप सहित कई नामी कंपनियों के ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मौके पर उत्पादों और लेबल की जांच कर उन्हें नकली बताया। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक और सुपरवाइजर राहुल बाल्यान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीए फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर राज सिंह को सूचना मिली थी कि सनौली रोड पर होटल जयफुड के पास स्थित फैक्ट्री में माउंटेन ड्यू सहित कई नामी ब्रांड के नाम से नकली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार की जा रही हैं। सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग और सनौली थाना पुलिस की टीम को साथ लेकर फैक्ट्री में छापा मारा गया। जांच के दौरान परिसर में पेय पदार्थ तैयार करने वाली मशीनें चलती मिलीं।
मौके पर माउंटेन ड्यू, कोका-कोला, स्प्राइट, लिम्का, फैंटा और थम्स अप सहित विभिन्न ब्रांड के नाम वाली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार की जा रही थीं। फैक्ट्री में मौजूद सुपरवाइजर राहुल बाल्यान ने टीम को बताया कि वह यहां कामकाज की देखरेख करता है। छापेमारी के दौरान टीम ने 9,391 भरी हुई बोतलें और 41 लेबल रोल अपने कब्जे में लिए।
पेप्सिको कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि जयदीप सिंह कौचर ने मौके पर माउंटेन ड्यू की बोतलों और उनके लेबल की जांच की। वहीं, कोका-कोला कंपनी के प्रतिनिधियों हेमंत मल्होत्रा और लालन सेठी ने कोका-कोला, स्प्राइट और लिम्का सहित संबंधित ब्रांड की बोतलों का निरीक्षण किया। शिकायत के अनुसार, कंपनी प्रतिनिधियों ने जांच के बाद इन उत्पादों को नकली बताया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी ने फैक्ट्री से नौ अलग-अलग ब्रांड के पेय पदार्थों के सैंपल लिए। प्रत्येक ब्रांड के चार बोतलों के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। टीम ने फैक्ट्री प्रबंधन से खाद्य कारोबार का लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज भी मांगे, लेकिन मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने महेंद्र मलिक और सुपरवाइजर राहुल बाल्यान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में तैयार की जा रही नकली कोल्ड ड्रिंक्स की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी। इसके अलावा इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों और फैक्ट्री के संचालन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद पेय पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें इस्तेमाल सामग्री से जुड़ी स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी।