Summer express, चंबा (मंजूर पठान)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के चार सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत संचालित करने की अधिसूचना जारी कर दी है। इनमें बैरागढ़, झाझाकोठी, हिमगिरी और थल्ली स्कूल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अपने चुराह दौरे के दौरान इन चार स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की घोषणा की थी। अब करीब 20 दिनों के भीतर इसकी अधिसूचना जारी होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
इन स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं अपने घर के नजदीक मिल सकेंगी। अब अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्हें चंबा, धर्मशाला और शिमला जैसे शहरों में भेजने की मजबूरी कम होगी। इससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक और अन्य परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान चार स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की घोषणा की थी। सरकार ने इस घोषणा पर तेजी से कार्रवाई करते हुए 20 दिनों के भीतर अधिसूचना जारी कर दी है। इससे क्षेत्र के बच्चों को भी सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें आगे की पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल सकेगी।
ग्रामीणों के अनुसार, अब तक बेहतर शिक्षा और आगे की पढ़ाई के अवसरों की तलाश में कई परिवारों को अपने बच्चों को चंबा, धर्मशाला और शिमला जैसे शहरों में भेजना पड़ता था। इससे बच्चों को घर से दूर रहना पड़ता था और अभिभावकों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ भी बढ़ता था। चार स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू होने से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा।
सरकार की इस पहल पर स्थानीय लोगों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह फैसला महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। लोगों को उम्मीद है कि इन स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।