Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी में होटल में आग लगने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने होटल संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में अंबाला छावनी के डीएसपी कार्यालय में होटल मालिकों की बैठक बुलाई गई। इसमें फायर सेफ्टी उपकरणों, नगर परिषद की एनओसी और चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू) सहित जरूरी मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीएसपी ने होटल संचालकों को संबंधित दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्था पूरी करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। वहीं होटल मालिकों ने नगर परिषद में वर्ष 2017 और 2022 में एनओसी की फीस जमा कराने के बावजूद अब तक प्रमाणपत्र जारी नहीं होने का मुद्दा उठाया।
गौरतलब है कि दिवाली की रात अंबाला छावनी के लाल कुर्ती क्षेत्र स्थित एक होटल में अचानक आग लग गई थी। इस घटना में होटल मालिक को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इसके बाद पुलिस की ओर से की गई जांच में कुछ होटलों में सुरक्षा मानक पूरे पाए गए, जबकि कई होटल संचालकों के यहां फायर सेफ्टी और अन्य व्यवस्थाओं में कमियां सामने आईं। इसी को देखते हुए डीएसपी ने होटल मालिकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान होटल संचालकों को फायर सेफ्टी से जुड़े उपकरण और अन्य सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने के साथ नगर परिषद से एनओसी तथा सीएलयू से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि सभी होटल मालिक एक सप्ताह के भीतर जरूरी दस्तावेज और व्यवस्थाएं पूरी करें। यदि इस दौरान उन्हें किसी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी आती है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें, ताकि संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर समाधान कराया जा सके।
दूसरी ओर, होटल मालिकों ने बैठक में नगर परिषद की ओर से एनओसी जारी करने में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि कई संचालकों ने वर्ष 2017 और 2022 में एनओसी के लिए निर्धारित फीस नगर परिषद में जमा करवा दी थी, लेकिन इतने साल बीतने के बाद भी उन्हें एनओसी नहीं मिली है। होटल मालिकों ने कहा कि वे भी सुरक्षा नियमों और प्रशासन की ओर से तय मानकों को पूरा करना चाहते हैं, लेकिन सरकारी कार्यालयों में प्रक्रिया लंबित रहने के कारण उन्हें परेशानी हो रही है।
होटल संचालकों राजेश गर्ग और रोहन मित्तल ने इस संबंध में अपनी समस्याएं डीएसपी के सामने रखीं। उन्होंने मांग की कि नगर परिषद में लंबित एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी करवाई जाए, ताकि होटल मालिक आवश्यक सुरक्षा मानकों को पूरा कर सकें और दस्तावेजों से जुड़ी दिक्कतें दूर हों।
डीएसपी अंबाला छावनी कुलदीप सिंह ने बताया कि होटल मालिकों के साथ बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। उन्होंने सभी संचालकों को फायर सेफ्टी, नगर परिषद की एनओसी और सीएलयू से संबंधित आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि होटल मालिकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। यदि किसी को प्रक्रिया के दौरान परेशानी आती है तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। एनओसी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वह एसडीएम से भी बातचीत करेंगे। उन्होंने होटल मालिकों को नगर परिषद में दोबारा रिमाइंडर देने और जमा कराए गए दस्तावेज दिखाने की सलाह भी दी।