Summer express,हमीरपुर, आरविंदर सिंह | मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को राजकीय उच्च पाठशाला ब्राहलड़ी के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक तथा अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियां को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ब्राहलड़ी स्कूल और इसके आस-पास के गांवों की सभी समस्याओं के समाधान और विभिन्न सुविधाओं के विस्तार के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्कूल में स्टेज के निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा और गांव के सामुदायिक भवन में लाइब्रेरी की स्थापना की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। ब्राहलड़ी और डुढाणा के मोक्षधाम तक संपर्क सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिशीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि गांव के लगभग 15 परिवारों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए हैंडपंप लगाया जाएगा। इसके अलावा पीपल के टियाले के आस-पास भी हैंडपंप लगाया जाएगा। डुढाणा के मोक्षधाम के पास भी पानी की व्यवस्था की जाएगी और इस क्षेत्र के पास रहने वाले लोगों की जमीन की बाड़बंदी के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ओर से ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा भी की।