Summer express, जोगिंद्रनगर। जोगिंद्रनगर के बिलिंग कॉम्प्लेक्स में शनिवार सुबह एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में दुकान संचालक को 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, दमकल विभाग की तत्परता से आग को कॉम्प्लेक्स की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बिलिंग कॉम्प्लेक्स में शनिवार सुबह पूजा फैशन हाउस नामक कपड़े की दुकान से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान कॉम्प्लेक्स की करीब 20 अन्य दुकानों के भी आग की चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया। आग के कारण आसपास की दुकानों में भी धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पुलिस बल और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग दिया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया।
बिलिंग कॉम्प्लेक्स में पंजाब नेशनल बैंक समेत कई महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। ऐसे में आग के अन्य दुकानों तक फैलने से बड़े नुकसान की आशंका थी। इस घटना में पूजा फैशन हाउस की संचालक पूजा देवी को 10 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी उपलब्ध नहीं है।