Summer express, हमीरपुर (आरविंदर सिंह)। हिमाचल प्रदेश में राशन वितरण के लिए 25 नवंबर तक निर्धारित समयसीमा डिपो संचालकों और उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनती नजर आ रही है। जिले के कई राशन डिपुओं में अभी तक इस महीने का राशन कोटा नहीं पहुंचा है, जबकि विभाग की ओर से 25 नवंबर के बाद राशन वितरण बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में समय पर राशन नहीं पहुंचने के कारण उपभोक्ताओं के अपने हक के राशन से वंचित रहने की आशंका पैदा हो गई है।
इस व्यवस्था को लेकर प्रदेश डिपो संचालक संघ ने चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की है। संघ के अध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि एक तरफ कई डिपुओं में राशन की आपूर्ति पूरी नहीं हुई है, वहीं दूसरी तरफ 25 नवंबर के बाद वितरण बंद करने का फरमान जारी किया गया है। इससे डिपो संचालकों के साथ-साथ उन उपभोक्ताओं को भी परेशानी होगी, जिन्हें अभी तक निर्धारित कोटा नहीं मिल पाया है।
अशोक कवि ने मांग की कि सरकार इस महीने पॉश (POS) मशीनों में बैकलॉग का विकल्प उपलब्ध करवाए। इससे जिन उपभोक्ताओं को तकनीकी या आपूर्ति संबंधी कारणों से नवंबर का राशन समय पर नहीं मिल पाता, वे अगले महीने भी अपने पिछले महीने के बकाया कोटे का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि राशन वितरण की समयसीमा तय करने से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि सभी डिपुओं तक पर्याप्त मात्रा में राशन पहुंच चुका हो।
उन्होंने पॉश मशीनों में बार-बार आने वाली सर्वर संबंधी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार, महीने के अंतिम दिनों में सर्वर की दिक्कत बढ़ जाती है, जिससे राशन वितरण की प्रक्रिया प्रभावित होती है। कई बार उपभोक्ताओं को राशन लेने के लिए डिपो के चक्कर लगाने पड़ते हैं और डिपो संचालकों को भी तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
डिपो संचालक संघ के अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को राशन वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने और सर्वर की समस्या का स्थायी समाधान करने के बाद ही इस तरह के निर्देश लागू करने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि उपभोक्ताओं के राशन के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए 25 नवंबर के बाद भी वितरण की सुविधा दी जाए और पॉश मशीनों में बैकलॉग का विकल्प शुरू किया जाए।