Summer express/मंडी,धर्मवीर। मंडी शहर में सात वर्षीय सिख बच्चे के बाल काटने का मामला विवाद का विषय बन गया है। बच्चे के दादा ने अपनी बहू पर धार्मिक परंपराओं की अनदेखी करने और पोते के बाल जबरन काटने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है।जानकारी के अनुसार मंडी निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग ने 21 नवंबर को थाना सदर में अपनी शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनका सात वर्षीय पोता शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता है। आरोप है कि बच्चे की मां ने उसके बाल काट दिए। शिकायतकर्ता का कहना है कि सिख धर्म में केश का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। ऐसे में बच्चे के बाल काटे जाने से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
बुजुर्ग ने पुलिस से इस मामले में अपनी बहू के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं से जुड़े इस तरह के मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।वहीं, थाना सदर पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद संबंधित महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 299 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान परिवार के संबंधित सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।